द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के देवघर जिले के सारठ ग्राम गोबरशाला निवासी अनुप कुमार का चयन झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा के माध्यम से खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पद पर हुआ है। पूरे क्षेत्र के लिए यह गर्व और सम्मान का विषय है। अनुप कुमार की इस सफलता के पीछे उनके बड़े पापा भरत मेहरा का विशेष मार्गदर्शन और प्रेरणा रही है। उनके सानिध्य ने अनुप कुमार को निरंतर आगे बढ़ने और लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में प्रेरित किया। वे अपने पिता गांगु मेहरा एवं माता सुलोचना देवी के बेटे हैं। वर्तमान में अनुप कुमार बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में प्रोजेक्ट फेलो के रूप में कार्यरत हैं और अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।
.jpg)
यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ निश्चय और अपने लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण का प्रतिफल है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के रूप में वे राज्य में सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही वे खाद्य मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनकी इस उपलब्धि पर परिवारजन, गुरुजन, मित्र और क्षेत्रवासी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। यह सफलता न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे सारठ और आसपास के क्षेत्रों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है।
.jpg)